नई शिक्षा नीति में खत्म हो जाएगी 10वीं की बोर्ड परीक्षा? दावा सही या गलत
वेब टीम। भारत की नई शिक्षा नीति (NEP) को लेकर सोशल मीडिया पर लगातर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। अब सोशल मीडिया में वायरल एक मैसेज में दावा किया गया है कि नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार अब केवल 12वीं कक्षा में ही बोर्ड की परीक्षाएं होंगी। 10वीं कक्षा में बोर्ड परीक्षा का कोई प्रावधान नहीं होगा।
वायरल मैसेज में लिखा है कि 'कैबिनेट ने नई शिक्षा नीति (New Education Policy 2020) को हरी झंडी दे दी है। 34 साल बाद शिक्षा नीति में बदलाव किया गया है। नई शिक्षा नीति की उल्लेखनीय बातें सरल तरीके की इस प्रकार हैं- केवल 12वीं क्लास में बोर्ड होगा, 10वीं बोर्ड खत्म, एमफिल भी होगा बंद, अब सिर्फ 12वीं में बोर्ड की परीक्षा देनी होगा। जबकि इससे पहले 10वीं बोर्ड की परीक्षा देना अनिवार्य होता था, जो अब नहीं होगा। 10वीं में नहीं होगा बोर्ड एग्जाम। सरकारी, निजी, डीम्ड सभी संस्थानों के लिए होंगे समान नियम। आदेशानुसार- माननीय शिक्षा मंत्री, भारत सरकार।'
जानिए क्या है सच्चाई
केंद्र सरकार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पीआईबी फैक्ट चेक (PIB Fact Check) ने वायरल हो रहे इस दावे को फर्जी बताया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है। साथ ही पीआईबी फैक्ट चेक टीम ने नई शिक्षा नीति 2020 की पीडीएफ फाइल भी साझा की है। आप यहां क्लिक करके को लेकर हिंदी में पूरी जानकारी ले सकते हैं।