पालमपुर के ग्वाल टिक्कर में जलरक्षक की हत्या
पालमपुर। उपमंडल पालमपुर की कंड पंचायत के ग्वालटिक्कर गांव में जलरक्षक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सरूप चंद पुत्र शाली राम निवासी ग्वाल टिक्कर के रूप में हुई है। व्यक्ति अविवाहित था और अकेला ही पुस्तैनी मकान में रहता था। वह पंचायत में जलरक्षक के रूप में कार्यरत था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस ने दो लोगों को नामजद कर पूछताछ के लिए थाना तलब कर पूछताछ के बाद एक को हिरासत में ले लिया है। बुधवार सुबह पुलिस थाना पालमपुर में सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव घर के निकट खेत में पड़ा है। एसएचओ भूपेंद्र सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। दो लोगों के नाम सामने आने पर उन्हें पुलिस थाना पालमपुर में पूछताछ के लिए ले जाया गया।
सरूप चंद के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि दो भाई अपने परिवारों के साथ अलग रहते हैं। हालांकि पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भी मदद ली। पुलिस के मुताबिक सरूप चंद की हत्या पत्थरों से की गई है, जबकि हथियार से हमले की बात सामने नहीं आई है। डीएसपी अमित शर्मा ने बताया कि सरूप चंद के हत्या मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। हत्या को लेकर दो लोगों की संलिप्तता बारे जानकारी मिली थी। इसमें एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे को घर भेज दिया है।