टक्कर मारने के बाद स्कूटर सवार को घसीटता हुआ ले गया ट्रक, मौत
कांगड़ा। जिले के उपमंडल ज्वाली में टक्कर मारने के बाद ट्रक स्कूटर सवार को घसीटता हुआ दूर तक ले गया। इससे उसकी स्कूटर सवार शेखर (17) पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी समलाना की मौत हो गई। पुलिस ने ज्वाली-राजा का तालाब मार्ग पर हरनोटा के समीप शेखर का शव बरामद किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ज्वाली के अनुसार शेखर व नाजर सिंह स्कूटर पर सवार होकर समलाना जा रहे थे। तभी जवाली से राजा का तालाब जा रहे ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी। इससे नाजर सिंह की टांग टूट गई। जबकि शेखर ट्रक के साथ फंस गया। ट्रक उसको घसीटता हुआ हरनोटा तक ले गया व वहां पर उसका शव मिला। ट्रक चालक फरार हो गया।
पुलिस सूचना मिलते ही मौका पर पहुंच गई तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेज दिया। घायल को उपचार के लिए टांडा ले गए थे। पुलिस ने टांडा में पहुंचकर घायल नाजर सिंह के बयान दर्ज कर लिए हैं।