शिमला में दो सड़क हादसे, आईटीआई छात्र सहित तीन युवकों की मौत
RNN DESK। राजधानी शिमला में दो अलग-अलग सड़क हादसों (shimla Road Accidents) में तीन युवकों की मौत हो गई। पहला हादसा (shimla Road Accidents) बालूगंज थाना क्षेत्र के शोघी-सायरी संपर्क मार्ग पर हुआ। दूसरा हादसा सुन्नी थाना क्षेत्र के तहत पंचायत करयाली में हुआ है। शोघी-सायरी संपर्क मार्ग पर कार खाई में गिर गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान तरुण शर्मा (36) पुत्र भास्कर नंद, रविंद्र कुमार (35) पुत्र प्रेम लाल, गांव डढोग, तहसील सदर जिला बिलासपुर के तौर पर हुई है। दोनों पेशे से चालक थे।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह मृतक तरुण अपने दोस्त रविंद्र के साथ शोघी की तरफ आ रहा था। इसी बीच सलाणा गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा लुढ़का। स्थानीय लोगों ने हादसा होते देख लिया और बचाव कार्य शुरू किया। इस बीच पुलिस को भी सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों युवकों की मौत हो गई।
सुन्नी थाना क्षेत्र के तहत पंचायत करयाली में हुए एक अन्य सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दूसरा युवक घायल हुआ है। मृतक की पहचान आकाश वर्मा (21) पुत्र इंद्र सिंह वर्मा, गांव करयाली तहसील सुन्नी निवासी के तौर पर हुई है। हादसे में सुरेश कुमार (21) पुत्र छांगू राम घायल हुआ है।
हादसा देर रात बंसतपुर-किंगल संपर्क मार्ग पर करयाली बाईफिरकेशन के पास हुआ। वाहन सड़क से करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इसमें एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों युवक जलोग में आईटीआई की पढ़ाई कर रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। एएसपी प्रवीर ठाकुर ने बताया कि हादसों के तीन युवकों की मौत हुई है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।