शादी के सात दिन बाद मायके लौटी दुल्हन, अब नहीं आ रही वापिस

युवक ने एक लाख रुपये देकर शादी तो कर ली, लेकिन दांपत्य जीवन का सुख नहीं भोग पाया। नई नवेली दुल्हन करीब सात दिन बाद मायके लौट गई और अब तक वापिस नहीं आई।

 

बैजनाथ। जिला कांगड़ा में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने एक लाख रुपये देकर शादी तो कर ली, लेकिन दांपत्य जीवन का सुख नहीं भोग पाया। नई नवेली दुल्हन करीब सात दिन बाद मायके लौट गई और अब तक वापिस नहीं आई। अब युवक ने पुलिस के पास शादी के नाम से ठगी होने का मामला पुलिस चौकी में दर्ज करवाया है। मामला जिला कांगड़ा के उपमंडल बैजनाथ का है। बैजनाथ के पुलिस चौकी चढ़ियार के तहत पड़ते भिड्डी के 32 वर्षीय अंकुश ने यह मामला दर्ज करवाया है।

पुलिस को दी शिकायत में अंकुश ने बताया कि बिचौलियों ने पंजाब के होशियारपुर में एक रिश्ता सुझाया। बिचौलियों ने बताया कि लड़की का परिवार गरीब है। शादी करनी है तो दुल्हन पक्ष का खर्च लड़के वालों को ही करना पड़ेगा। लड़के वाले मान गए और दो किस्तों में एक लाख रुपये बिचौलियों को दे दिए। इसमें पचास हजार रुपये स्थानीय पंचायत प्रधान की मौजूदगी में दिए हैं। हालांकि पंचायत प्रधान का कहना है कि उन्होंने बिचौलियों को पैसे देने से बार बार मना किया, लेकिन दूल्हेवालों वाले नहीं माने और पैसे दे दिए।


युवक और उसके परिजनों ने बताया कि नौ अगस्त, 2021 को अंकुश और होशियारपुर निवासी मनजीत कौर की श्री सीता राम जी मंदिर विजयपुर, जयसिंहपुर में शादी हुई। दूल्हे के माता-पिता ने बताया कि लड़की अंकुश से करीब आठ वर्ष बड़ी थी। शादी को हुए अभी एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि दुल्हन मायके पंजाब में जाने की जिद्द करने लगी। नई नवेली दुल्हन को उसका पति अंकुश और ससुर प्रताप चंद 16 अगस्त, 2021 को होशियारपुर में मायके के घर छोड़ा। दुल्हन को एक नया मोबाइल फोन और कुछ पैसे देकर वापिस आ गए।

 
दूल्हे पक्ष का कहना है कि दुल्हन ने रक्षाबंधन के दूसरे दिन ससुराल वापिस आने की बात कही थी। मगर अब एक महीने से ज्यादा समय गुजर गया है। अब वापस आने से मना कर रही है। साथ ही पैसे की मांग भी कर रही है। दूल्हे ने आरोप लगाते कि बिचौलियों ने उनके साथ शादी के नाम पर फ्रॉड किया है। उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि बिचौलियों से पूछताछ करके उनके पैसे वापिस दिलाए जाएं। साथ ही दुल्हन को वापिस ससुराल में आकर रहने के लिए कहा जाए। उधर, चढ़ियार पुलिस के कहा कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।