पालमपुर का भेड़पालक ऊना में पीटा
ऊना। जिले के पुलिस थाना अम्ब के तहत पालमपुर के भेड़पालक से कुछ लोगों ने मारपीट कर दी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित भेड़पालक ने तीन लोगों के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकियां देने का मामला दर्ज करवाया है। भेड़पालक जोगिंद्र कुमार पुत्र धना राम निवासी सियोल तहसील पालमपुर जिला कांगड़ा शुक्रवार शाम को अम्ब उपमंडल के कैलाश नगर में अपनी भेड़ बकरियां चराने जा रहा था। इस दौरान आरोपित दिनेश ने बिना वजह उसका रास्ता रोका और गाली ग्लौज करने लगा व डंडे से उसकी पिटाई कर दी।
इसी दौरान दिनेश के पिता सुरेंद्र और भाई भी वहां आ गए। आरोप है कि उन दोनों ने भी दिनेश को समझाने के बजाय उल्टा उससे गाली ग्लौज की और जाते हुए जान से मारने की धमकियां भी दी। थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाकफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।