Shopian Encounter में पांच आतंकी ढेर, ऑपरेशन जारी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ (Shopian Encounter) में अब तक पांच आतंकी मार गिराए हैं। अभी भी Shopian में Encounter जारी है। दोनों ओर से फायरिंग हो रही है। मुठभेड़ को लेकर किसी तरह की अफवाह न फैले इसके लिए प्रशासन ने शोपियां और कुलगाम जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिले के रेबन गांव में आतंकी छिपे हैं। सूचना के आधार पर सेना की 1-आरआर, सीआरपीएफ की 178 बटालियन और एसओजी के जवानों ने इलाके की घेराबंदी करनी शुरू की। खुद को घिरा देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। जवानों ने मोर्चा संभालने से पहले आतंकियों से समर्पण करने की बात भी कही। लेकिन आतंकी सुरक्षाबलों को निशाना बनाते रहे। इसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला। अभी तक पांच आतंकी मार गिराए गए हैं। फिलहाल अभी मुठभेड़ जारी है।
अशांति फैलाने में जुटा है पाकिस्तान
घाटी में अशांति फैलाने के लिए पाकिस्तान लगातार नापाक हरकतें करने में जुटा हुआ है। पाकिस्तान ने एक ऐसी ही नापाक हरकत 3 जून की रात में भी की। उत्तरी कश्मीर के नौगाम सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सेना के गश्ती दल ने पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह को घुसपैठ करने की कोशिश करते हुए देखा। आनन-फानन में जवानों ने मोर्चा संभाला। सेना की कार्रवाई से दुबक कर आतंकी वापस पाकिस्तान की ओर भाग गए। इस दौरान जान बचाकर भागे पाकिस्तानी आतंकी सर्दियों के कपड़े, बैटरी और अन्य उपकरण छोड़ गए।
आतंकियों की घुसपैठ को की जाती है कवर फायरिंग
बता दें कि उत्तरी कश्मीर में आतंकियों की ओर से घुसपैठ की लगातार कोशिशें की जा रही हैं। पाकिस्तानी सेना आतंकियों को घुसपैठ कराने के लिए कवर फायर भी दे रही है। वहीं खुफिया सूचना के आधार पर सतर्क सेना, आतंकियों और पाकिस्तान की इन नापाक हरकतों को नाकाम कर रही है।