शादी समारोह में भीड़, आयोजक के खिलाफ मामला दर्ज
ऊना। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते कई बंदिशें लगाई गई हैं। मगर लोग बंदिशों का मानने को तैयार नहीं है। सरकारी आदेशों को धता बताने वालों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त हो गया है। जिला ऊना में शादी में भीड़ जुटाने और तय समय के बाद भी दुकान खुली रखने के आरोप में दो मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर भी जानकारी शेयर की है।
ऊना पुलिस ने कोटला खुर्द में शादी समारोह में प्रतिबंध के बावजूद सामूहिक भोज पर लोगों को बुलाने और भीड़ एकत्रित करने के आरोप में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आयोजक के खिलाफ 188, 34 आईपीसी और 51 डीएम एक्ट के तहत केस दर्ज कर किया है। इस संबंध में सदर पुलिस थाना सदर ऊना में नायब तहसीलदार ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी निरीक्षण करते हुए कोटला खुर्द में पहुंचे तो सतिंद्र कुमार के घर में शादी समारोह चल रहा था। उसमें 20 से ज्यादा लोग मौजूद थे। जिन्हें सामूहिक भोजन करवाया जा रहा था।
6 बजे के बाद दुकान खुली रखने पर केस
इसके अलावा पुलिस ने प्रशासन की तय की गई समयसारिणी के अनुसार दुकान न बंद करने के आरोप में केस दर्ज किया है। इसमें भी नायब तहसीलदार ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह निरीक्षण के दौरान ऊना-नंगल रोड पर मौजूद थे। इस दौरान पाया कि एक दुकान के मालिक ने अपनी दुकान को छह बजे के बाद भी खुला रखा था। दुकानदार को बार-बार समझाया, लेकिन उसने दुकान बंद नहीं की।
आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
एसपी अर्जित सेन ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने कोटा खुर्द में सामूहिक भोज पर लोगों की भीड़ एकत्रित करने और छह बजे के बाद भी दुकान खुली रखने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।