ऊना में दो बाइक्स में टक्कर; चार की मौत, दो बताए जा रहे हैं चम्बा के
ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र के गांव मवा कहोला के दौलतपुर मुबारिकपुर मार्ग पर दो बाइक्स में जबरदस्त टक्कर हो गई। रेलवे पुल के पास हुए इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चौथे युवक को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे भी बचाया नहीं जा सका। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोट्स के अनुसार, हादसे में मरने वाले युवकों में दो युवक जिला चंबा से बताए जा रहे हैं, जबकि दो युवक गांव गोंदपुर बनेहड़ा के हैं। बुधवार करीब शाम के पांच बजे ये दोनों बाइक्स आपस में टकराईं। इसके बाद एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग एकत्रित हो गए। चारों युवक सड़क पर पड़े हुए थे। इन चारों में से एक युवक उस समय जिंदा था, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने वहां पर पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बाइक्स की टक्कर में चार लोगों की मौत की घटना से स्थानीय लोग हैरत में है कि मात्र बाइक की टक्कर में चार लोगों की मौत कैसे हो गई। अंदाजा यह भी लगाया जा रहा है कि दोनों बाइक्स की स्पीड तेज थी और इस टक्कर से चारों युवक सड़क पर गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया । पुलिस ने युवकों के कागजात से शवों की शिनाख्त कर ली है।