भागे थे पुलिस को चकमा देकर, मगर पकड़े गए
चंबा। चंबा-भरमौर मार्ग पर धरवाला और राख के बीच बग्गा के समीप लगाए नाके पर पुलिस को चकमा देकर भागे दो युवकों को पुलिस ने मैहला के पास दबोच लिया। दोनों के कब्जे से पुलिस ने 208 ग्राम चरस बरामद की है।
पुलिस चौकी गैहरा की टीम ने बग्गा के समीप नाका लगाया था। इस दौरान एक कार वहां से गुजरी। पुलिस टीम ने कार चालक को रूकने का इशारा किया। मगर भीतर सवार दोनों युवक पुलिस को चकमा देते हुए कार को भगाकर वहां से फरार हो गए। इस पर पुलिस टीम ने कार सवार युवकों का पीछा किया। दोनों कार को 10 किलोमीटर दूर मैहला तक ले गए। यहां दोनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपितों की पहचान 25 वर्षीय विशाल नाथ निवासी त्रिलोकपुर तहसील जवाली, जिला कांगड़ा व 20 वर्षीय मनीष कुमार निवासी बधरोठा, (कुंडी) डाकघर सुनारा के रूप में हुई है। कार को रोकने के बाद पुलिस दल ने जब तलाशी ली तो भीतर से 208 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों गिरफ्तार कर लिया गया है