गोवा से चोरी छुपे जिला की सीमा में घुसा युवक, केस दर्ज
भरमौर/चंबा। गोवा से बिना प्रशासन की अनुमति एक युवक चंबा की सीमा में दाखिल होकर अपने घर पहुंच गया। इसको लेकर पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देवेंद्र कुमार निवासी गांव नगवान डाकघर किलोड़ 19 जून को बिना किसी की अनुमति से चंबा की सरहद में दाखिल हो गया। जहां से वह चोरी छुपे अपने गांव भी पहुंच गया। युवक के आने को लेकर गांव के अन्य लोगों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों को पता चल गया कि युवक प्रशासन को बिना बताए अपने घर आया है। इसको लेकर गांव के किसी व्यक्ति ने संबंधित पटवारी को सूचना दे दी। पटवारी ने मौके पर जाकर युवक की जांच पड़ताल की। जांच करने पर पता चला कि युवक 19 जून को गोवा से प्रशासन को बिना बताए चंबा पहुंच गया। बाहरी राज्यों से चंबा आने पर जिला प्रशासन को सूचित करना अनिवार्य है ताकि बाहर से आने वाले व्यक्ति को क्वारंटीन किया जा सके। लेकिन युवक डीएम एक्ट की अवहेलना करते हुए प्रशासन को बिना बताए अपने घर चला गया।
पुलिस ने युवक के खिलाफ भरमौर थाना में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने इस विषय पर सभी चंबा वासियों को सूचित किया है कि अगर कोई भी व्यक्ति किसी भी बाहरी राज्य से जिला चंबा मे प्रवेश करता है तो इसकी सही सूचना तुरंत प्रशासन को दें। अन्यथा उन व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। एक की लापरवाही सबके ऊपर भारी पड़ सकती है।