शिमला के ठियोग में बर्फ पर स्किड हुई एचआरटीसी की बस, 13 यात्री घायल
शिमला। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों की सड़क बर्फबारी के कारण बंद पड़ी हुई हैं। हालांकि कई सड़कों को बहाल भी कर दिया गया है और उनपर वाहनों की आवाजाही भी हो रही है। मगर सड़क पर कई स्थानों पर बर्फ जमी हुई है, जिससे सफर करना खतरनाक है। बुधवार को भी सड़क पर जमी बर्फ पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस स्किड हो गई। बस स्किड होने के बाद ट्रक से जा टकराई, जिससे 13 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर कुफरी-फागू के बीच गलू के पास बुधवार दोपहर सड़क पर जमी बर्फ पर स्किड होकर एचआरटीसी की बस ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए। यात्रियों को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ठियोग ले जाया गया। बस में 35 यात्री सवार थे। बस हरिद्वार से शिमला पहुंचने के बाद रामपुर के सराहन रूट पर रवाना हुई थी। हालांकि हादसे में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि गलू से फागू की ओर बस के आगे ट्रक चल रहा था। सड़क पर फिसलन के कारण बस स्किड हो गई और अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बस का शीशा टूटकर सड़क पर बिखर गया और बस की लाइट भी टूट गई। बस की अगली सीटों पर बैठे यात्री बुरी तरह चोटिल हो गए। चालक को भी गहरी चोटें आई हैं।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों कुफरी-फागू में भारी बर्फबारी के बाद आनन-फानन में नेशनल हाईवे को बहाल कर दिया गया। सड़क से पूरी तरह बर्फ नहीं हटाई गई, अभी भी कुफरी से फागू तक सड़क पर बर्फ की मोटी परत जमकर शीशा बनी हुई है। उधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त आदित्य नेगी घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम ठियोग को भी मौके पर बुलाया गया। उपायुक्त ने नेशनल हाईवे को सड़क से बर्फ पूरी तरह हटाने के निर्देश दिए।