कांगड़ाः 62 वर्षीय व्यक्ति ने पोती के उम्र की बच्ची को बनाया हवस का शिकार, गिरफ्तार 

घटना 30 सितंबर 2021 शाम की बताई जा रही है। आरोपी शाहपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अधीन आने वाली एक पंचायत में दुकान चलाता है। पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर लिया है।
 

शाहपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में सनसनी फैलाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 62 वर्षीय व्यक्ति ने पोती की उम्र की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया है। घटना 30 सितंबर 2021 शाम की बताई जा रही है। आरोपी शाहपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अधीन आने वाली एक पंचायत में दुकान चलाता है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।  


जानकारी के अनुसार विधानसभा क्षेत्र शाहपुर की एक पंचायत की 11 वर्षीय बच्ची 30 सितम्बर को दुकान से सामान लाने गई थी। वक्त शाम करीब चार बजे का है। इस दौरान 62 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति दुकान में अकेला ही था। मौका और लड़की को अकेला देखकर उसने मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना डाला। जब बच्ची घर लौटी तो उसने डरते हुए परिवार को घटना की जानकारी दी।

इस पर परिवार ने पुलिस के पास शिकायत कर दी। परिवार से शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना शाहपुर के प्रभारी त्रिलोचन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर 376 व पोस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। बच्ची और व्यक्ति को मेडिकल करवाया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।