कुल्लू में मंडी का व्यक्ति 42 किलो चरस के साथ गिरफ्तार
कुल्लू। जिला पुलिस ने बंजार थाने के तहत फागू पुल के पास एक टाटा-407 ट्रक में चरस की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने वीरवार सुबह वाहन की तलाशी के दौरान 42 किलो चरस बरामद की। इसके साथ ही एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वाहन के निचले हिस्से में चरस की पैकिंग करके छुपा रखा था। गिरफ्तार किया गया व्यक्ति मंडी जिले का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किया व्यक्ति कुल्लू के बंजार तक पानी के पाइप लेकर आया था। यहां से वापिस जाते हुए भारी मात्रा में चरस को खेप लेकर जा रहा था। पिछले 17 सालों में पकड़ी गई चरस की यह सबसे बड़ी खेप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वीरवार सुबह बंजार थाने की टीम हेड कांस्टेबल जगदीश के नेतृत्व में फागू पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान टाटा-407 एचपी 41-0675 के चालक आरोपी लीलाधर निवासी रिवालसर, जिला मंडी को जांच के लिए रोका। पुलिस को देखकर चालक थोड़ा हड़बड़ा गया। इससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। जब वाहन की तलाशी तो गाड़ी के निचले हिस्से में पैकिंग कर छुपाई 42.05 किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने 42 किलो चरस के साथ एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी चरस की खेप जिले से बाहर ले जाने की फिराक में था। कुल्लू पुलिस ने जुलाई 2019 से लेकर अब तक करीब 218 किलो चरस बरामद की है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।