बिना कर्फ्यू पास गद्देरण पहुंचे 15 लोग, एफआईआर

भरमौर। जनजातीय क्षेत्र भरमौर उपमंडल यानी गद्देरण में कर्फ्यू पास के बिना पहुंचे 15 लोगों पर प्रशासन ने एफआईआर दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि लाॅकडाउन के बीच यह लोग बिना प्रशासन की अनुमति यानी कर्फ्यू पास के ही जनजातीय क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे। इनमें 13 लोग होली क्षेत्र के जालसू
 

भरमौर। जनजातीय क्षेत्र भरमौर उपमंडल यानी गद्देरण में कर्फ्यू पास के बिना पहुंचे 15 लोगों पर प्रशासन ने एफआईआर दर्ज करवाई है। बताया जा रहा है कि लाॅकडाउन के बीच यह लोग बिना प्रशासन की अनुमति यानी कर्फ्यू पास के ही जनजातीय क्षेत्र में प्रवेश कर गए थे। इनमें 13 लोग होली क्षेत्र के जालसू दर्रे को पार कर भरमौर उपमंडल में प्रवेश किया और दो लोग भरमौर के प्रवेशद्वार दुर्गेठी में तैनात स्क्रीनिंग चैक पोस्ट पर तैनात टीम ने बिना कर्फ्यू पास के पाए थे। इन पोस्टों पर तैनात रैपिड रिस्पांस टीम के सदस्यों ने छानबीन के बाद प्रशासन को अवगत करवाया। इसके चलते अब प्रशासन ने कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए इन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

28 दिन के लिए भेजे क्वारंटीन केंद्र में
इसके साथ ही इन्हें मेडिकल चेकअप के बाद बफर क्वारंटीन केंद्र होली और भरमौर में भेजा गया है। यहां इन्हें 28 दिन की निगरानी में रखा जाएगा। उपमंडल अधिकारी नागरिक भरमौर मनीष सोनी ने बताया कि बाहरी जिलों और राज्यों से बिना कर्फ्यू पास आने वाले लोगों को 28 दिन के लिए भरमौर के विभिन्न बफर क्वारंटीन केंद्रों में निगरानी के लिए रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल को और उसके बाद भरमौर उपमंडल में आए लोगों को भी 28 दिन की अवधि के लिए ऑरेंज होम क्वारंटीन किया जाएगा। इसके लिए पंचायतों में निगरानी समितियां गठित की गई हैं। इसमें संबंधित पंचायत के पंचायत सचिव, पटवार सर्कल के पटवारी, संबंधित पंचायत के प्रधान और वार्ड मेंबर निगरानी समिति सदस्य होंगे।