पहले प्यार फिर कोर्ट मैरिज; अब थाने पहुंची पत्नी, जानें कहां का है मामला
चम्बा। हिमाचल प्रदेश में लव, शादी और धोखे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अब मामला पुलिस के पास भी पहुंच गया है। पत्नी ने प्यार में धोखा देकर कोर्ट मैरिज करने और फिर शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस थाने में दी है। मामला जिला चम्बा का है। यह एक महिला कोर्ट मैरिज के करीब दो साल बाद पुलिस थाने में पहुंची है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार महिला चम्बा जिला के ही एक गांव की रहने वाली है। महिला ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसके साथ राजपुरा का एक व्यक्ति खुद को कुंवारा बताकर प्यार करता था। नवंबर 2019 में महिला ने उसके साथ कोर्ट मैरिज कर ली। हालांकि व्यक्ति पहले से ही शादीशुदा था। इसके अलावा उसका एक बच्चा भी है। महिला ने कहा कि उसके शादीशुदा होने और एक बच्चा होने का पता कोर्ट मैरिज के बाद चला।
पहले से शादीशुदा होने और धोखा देकर शादी करने के संबंध में जब महिला ने पति से पूछा तो वे उसे प्रताड़ित करने लगा। महिला के साथ मारपीट करने लगा और जान से मारने की धमकी दे रहा है। अब महिला ने परेशान होकर मामले की शिकायत पुलिस थाना चम्बा में दर्ज करवाई है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी चम्बा अरुल कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।