चम्बा-भरमौर मार्ग पर पलटी क्रेन, यातायात हुआ ठप्प
चम्बा/भरमौर। उपमंडल भरमौर को जिला मुख्यालय चम्बा से वाले राष्ट्रीय राजमार्ग रोजाना यात्रियों के लिए सबब का कारण बन रहा है। बुधवार को चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बग्गा में एक क्रेन पलट गई। इससे मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया है। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई है। लोगों को अपने गंतव्य पर पहुंचना मुश्किल हो गया है।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर कुछ दिन पूर्व ही विद्युत परियोजना की मशीन का एक बड़ा हिस्सा ट्राले से सड़क पर खिसक गया था। इससे दो दिन तक यातायात बाधित रहा था। उस मशीनरी को भी अभी सड़क से नहीं हटाया गया है। इसी स्थान पर अब क्रेन पलट गई है। इससे मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मार्ग से क्रेन को हटाने की कोई कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।
मौके पर मौजूद लोगों में संजय कुमार, राजेश कुमार, उमेश और सोनू ने बताया कि रोजाना राजमार्ग पर सफर करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि जहां सड़क की हालत खस्ता है वहीं, इस तरह की घटना लोगों के लिए परेशान खड़ी कर रही हैं। प्रशासन को राजमार्ग की दशा सुधारने के लिए कदम उठाने चाहिए ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो।