लाहौल-स्पीति के इस स्कूल के बच्चे रिपब्लिक और इंडिपेंडेस-डे में नहीं कर पाए अंतर
काजा। एसडीएम काजा महेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को दो स्कूलों का औचक निरीक्षण किया । सुबह 11 बजे के करीब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हंसा में पहुंचे। इस दौरान सभी शिक्षक स्कूल में मौजूद पाए गए। जबकि एक ही छात्रा स्कूल में मौजूद थी। पिछले कुछ वर्षों से इस स्कूल में कम ही बच्चे हैं ।
एसडीएम ने शिक्षकों को कहा है जल्द ही उनकी सेवाएं उन स्कूलों में ली जाएंगी जहां पर विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। इसके बाद उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रंगरिक में भी निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों से सवाल-जबाव भी किए। 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों से रिपब्लिक-डे और इंडिपेंडेस-डे के बारे में पूछा गया, लेकिन कोई भी विद्यार्थी जवाब नहीं दे पाया।
उन्होंने संबंधित शिक्षक को आदेश दिए कि बच्चों के शिक्षण-प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दें । भविष्य में भी इसी तरह स्कूलों में निरीक्षण करते रहेंगे और छात्रों से फीडबैक लेते रहेंगे। अगर शिक्षण प्रणाली में शिक्षकों ने कोई कोताही बरती तो करवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रंगरिक के निर्माणधीन हॉस्टल का निरीक्षण कर जेई को लंबित कार्यों को तुरंत पूरा करने के लिए कहा।