चम्बाः व्यक्ति को सांप से खेलना पड़ा महंगा, मुंह में डंक मारने से मौत

घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसको देखकर लगता है कि व्यक्ति ने जबरदस्ती सांप को पकड़ कर अपने मुंह में डंक मरवाया है।

 

चम्बा। सोशल मीडिया पर आपने जहरीले और बड़े-बडे़ सांपों से खेलने वालों के बारे में अक्सर पढ़ा और सुना होगा। मगर क्या आपने कभी सुना है कि किसी शख्स ने जिंदा सांप को अपने मुंह में डाल लिया हो। सुनने में ये थोड़ा अजीब लगेगा, लेकिन यह सच है। हालांकि, इस शख्स पर उसका ही ऊटपटांग खेल भारी पड़ गया। और उसे इसकी कीमत अपनी जान गंवा कर चुकानी पड़ी। मामला हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला का है।


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चौंकाने वाला यह मामला चम्बा जिला के सलूणी उपमंडल का है। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें 38 साल के देवो नामक व्यक्ति ने जिंदा सांप को पकड़ लिया। शख्स बार-बार सांप को मुंह में डाल रहा है। लेकिन व्यक्ति को उसका यह खेल महंगा पड़ गया। बार-बार मुंह में डालने के बाद सांप ने उसको डस लिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत करवाल के संध्वार गांव की है। 


बताया जा रहा रविवार शाम को देवो (38) पुत्र नंदू ने नशे की हालत में था। उसने घर में एक सांप को पकड़ लिया। उसके बाद उससे जबरदस्ती कभी अपने हाथ पर तो कभी मुंह में डंक मरवाने लगा। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया गया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पहले तो सांप अपनी जान बचाने के लिए व्यक्ति के चंगुल से छूटने का प्रयास करता रहा, लेकिन जब वह नहीं छूटा तो गुस्से में आकर उसने देवो के मुंह को डस लिया।

कुछ देर बाद उसने सांप को छोड़ दिया, लेकिन मुंह में सर्पदंश के कारण जीभ में जहर फैल चुका था। इससे जीभ में सूजन आ गई, जिसके कारण देर शाम को उसकी मौत हो गई। ग्राम पंचायत करवाल के प्रधान सुरेंद्र कुमार का कहना है कि उनको देवो की मौत की सूचना मिली है। इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर डाली है, जिसको देखने से लगता है कि देवो ने जबरदस्ती सांप को पकड़ कर अपने मुंह में डंक मरवाया है।