हिमाचल से चीन मूल की महिला गिरफ्तार, संदिग्ध दस्तावेज और भारतीय-नेपाली करेंसी बरामद

जोगिंद्रनगर उपमंडल के तहत आने वाले कस्बा चौंतड़ा में पुलिस ने यह कार्रवाई की है। हालांकि यह गिरफ्तारी 22 अक्तूबर की रात को की गई है, लेकिन पुलिस ने इस मामले को पूरी तरह से गुप्त रखा था।
 | 
Breaking News

मंडी। हिमाचल प्रदेश  (Himachal Pradesh) के मंडी जिले की पुलिस ने बौद्ध मोनेस्ट्री से चीनी मूल की एक महिला को गिरफ्तार किया है। जोगिंद्रनगर उपमंडल के तहत आने वाले कस्बा चौंतड़ा में पुलिस ने यह कार्रवाई की है। हालांकि यह गिरफ्तारी 22 अक्तूबर की रात को की गई है, लेकिन पुलिस ने इस मामले को पूरी तरह से गुप्त रखा था, ताकि गहन जांच के बाद इसे सार्वजनिक किया जा सके।


मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोंगसर तिब्बती बौद्ध मठ में 15 दिन से एक महिला रह रही है, जो खुद को नेपाली मूल का बता रही है। उसका नाम भांजी लामा है, लेकिन महिला नेपाली नहीं लगती। वह तिब्बतियन कॉलोनी में होम स्टे में ठहरी हुई है। यह महिला यहां पर बौद्ध धर्म की शिक्षा ग्रहण करने आई हुई है। इसी आधार पर पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर पड़ताल शुरू की।


महिला से पूछताछ की गई और उसके कमरे की तलाशी भी ली गई तो कमरे से कुछ संदिग्ध दस्तावेज मिले। इन दस्तावेजों में कुछ दस्तावेज चीन के थे तो कुछ नेपाल के हैं। दोनों दस्तावेजों में महिला की उम्र अलग-अलग लिखी गई है। पुलिस को इस महिला ने नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी दस्तावेज दिखाया, जिसमें नेपाली भाषा में उसका नाम याड़जी लामा लिङ्ग लिखा मिला है।

शक होने पर इस महिला का मोबाइल फ़ोन चैक किया गया तो उसमें पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के पासपोर्ट नंबर E-920693212 में इसका नाम गुआन रुईली दर्शाया गया। जन्म तिथि 10 मई 1982 है। सख्ती से की गई पूछताछ में महिला ने अपने आपको चीनी नागरिक बताया। वहीं, महिला से 6 लाख 40 हजार रुपए भारतीय और 1 लाख 10 हजार की नेपाली करेंसी भी बरामद हुई है।

इस महिला के खिलाफ IPC की धारा 120बी, 419, 420, 467, 474 और 14 फॉरनर्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया। महिला के पास 2 मोबाइल फोन थे, जिनकी जांच जारी है। वहीं ASP मंडी सागर चंद्र ने बताया कि महिला यहां किस मकसद से रह रही थी, इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। केंद्र सरकार को भी इसकी सारी जानकारी दे दी गई है। 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।