उप प्रधान रवि राणा हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, पड़ोसी ही निकला हत्यारा

छेक पंचायत के उप प्रधान रवि राणा का शव 28 अक्तूबर की रात को उनके घर से थोड़ी दूरी पर बरामद हुआ था। पुलिस ने रवि के साथ मौजूद रहे लोगों से गहन पूछताछ की, जिसके आधार पर विनोद को गिरफ्तार किया है।
 | 
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की चढ़ियार क्षेत्र की छेक पंचायत के उप प्रधान रवि राणा (40) की मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।  उप प्रधान का शव देर रात करीब 12 बजे उनके घर से कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे अचेत अवस्था में बरामद हुआ, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

बैजनाथ। उपमंडल बैजनाथ की छेक पंचायत के उप प्रधान रवि राणा (40) की सनसनीखेज हत्या के चार दिन के भीतर ही कांगड़ा पुलिस ने मामले को सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि उप प्रधान की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि आपसी रंजिश के चलते एक परिचित ने ही की थी।

 

कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छेक पंचायत के उप प्रधान रवि राणा की हत्या के आरोप में गांव के ही विनोद कुमार को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक रवि राणा और आरोपी विनोद कुमार के बीच किसी बात को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था, जिसके चलते विनोद ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

छेक पंचायत के उप प्रधान रवि राणा का शव 28 अक्तूबर की रात को उनके घर से थोड़ी दूरी पर बरामद हुआ था। पुलिस ने जांच के दौरान सबसे पहले देर रात तक रवि राणा के साथ मौजूद रहे लोगों से गहन पूछताछ की। इस पूछताछ और जांच में पुलिस को मृतक और आरोपी विनोद कुमार के बीच चल रहे विवाद के महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे। इसके साथ ही यह भी पता चला कि आरोपी विनोद का घर उप प्रधान के घर की तरफ जाने वाले रास्ते पर ही पड़ता है, जिससे उसकी संलिप्तता की आशंका और मजबूत हुई।

विनोद कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब मामले को और गहरायी से खंगाल रही है। पुलिस का अगला लक्ष्य हत्या में प्रयोग किए गए हथियार को बरामद करना और हत्या के पीछे के विस्तृत और सटीक कारणों को जानना है। एएसपी ने आश्वासन दिया है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस मामले के सभी पहलू सामने लाए जाएंगे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।